Hindi News Portal
भोपाल

मुझे गर्व है प्रदेश के पुलिस प्रशासन पर, कोविड काल में सेवा का नया अध्याय रचा गया : मुख्यमंत्री चौहान


भोपाल ,01 फरवरी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के पुलिस प्रशासन पर हमें गर्व है। प्रदेश पर जब भी संकट आया पुलिस प्रशासन के साथियों ने दिन-रात एक कर काम किया और प्रदेशवासियों को राहत पहुँचाई। कोविड का कठिन दौर इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। हमारे अधिकारी-कर्मचारियों ने अपनी जान दाँव पर लगा कर व्यवस्थाएँ संभाली और कुछ लोग इसमें शहीद भी हुए। कोविड काल में प्रदेश में सेवा का नया अध्याय रचा गया। पुलिस ने देशभक्ति और जन-सेवा के मूल मंत्र को साकार किया। प्रदेशवासियों को हमसे बहुत अपेक्षाएँ हैं, टीम मध्यप्रदेश बेहतर कार्य कर रही है, पर सुधार की गुजाइंश सदैव बनी रहती है।
मुख्यमंत्री कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन के प्रथम-सत्र को संबोधित कर रहे थे।
चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश शांति का टापू है। यहाँ सभी माफिया गतिविधियों को समाप्त कर दिया गया है। डकैती उन्मूलन के साथ ही नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। प्रदेश में एक करोड़ 14 लाख के इनामी 6 नक्सलियों को समाप्त करने के लिए हॉक फोर्स बधाई की पात्र है। प्रदेश में नक्सली गतिविधियाँ केवल छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र सीमा पर शेष हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जुआ, सट्टा और ड्रग्स समाज के दुश्मन हैं। इनमें लिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। माँ-बहन-बेटी के सम्मान की सुरक्षा और उन्हें सशक्त करने के प्रयासों के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उनके साथ दुर्व्यवहार करने वालों को आजीवन कारावास और फाँसी तक की सजा दी गई ऐसे व्यक्तियों की आर्थिक रूप से कमर भी तोड़ी गई है। यह कार्यवाही असामाजिक तत्वों में भय व्याप्त करने में सहायक रही हैं।
उन्होने आगे कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रवासी भारतीय सम्मेलन और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में व्यवस्था एवं सुरक्षा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है। आगामी दिनों में प्रदेश में जी-20 देशों की बैठक होना है। यह देश वैश्विक स्तर पर ओपिनियन क्रिएटर है। हमारा प्रयास यह हो कि मध्यप्रदेश की विश्व में सकारात्मक छवि बनाने के इस अवसर का हम भरपूर उपयोग करें। प्रदेश का सुरक्षित वातावरण निवेश के लिए आदर्श स्थान बनाता है।
प्रदेश में व्यापक स्तर पर नशामुक्ति अभियान चलाया जाए। जन-सामान्य को नशे के नुकसान की जानकारियाँ देने के साथ नशे के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मांतरण के प्रयत्नों को विफल करना आवश्यक है। बेटियों को फुसला कर धर्मांतरण कराने के प्रकरणों तथा जमीन खरीदने के लिए जनजातीय बहनों से विवाह करने के प्रकरणों के प्रति अपने-अपने जिलों में सजग रहें। गुम हुई बच्चियों को वापस लाने में ऑपरेशन मुस्कान में हमें सफलता मिली है। कमजोर वर्गों को सुरक्षा प्रदान करना हमारा दायित्व है। समाज में फैल रहे नशे और ड्रग्स की लत को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने तथा नशामुक्ति के लिए विशेष प्रयास करने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सायबर अपराध उभरती चुनौती है। सोशल मीडिया पर निरंतर नजर रखना आवश्यक है, क्योंकि थोड़ी से लापरवाही से इससे तनाव फैलना संभव है। पीएफआई सहित देश को कमजोर करने की गतिविधियों में संलग्न संगठनों के संबंध में सही समय पर जानकारी प्राप्त करने के लिए इंटेलीजेंस एजेंसियाँ सक्रिय रहें। इस कार्य में स्थानीय पुलिस भी अपना दायित्व निभाएँ। विदेशों से वित्तीय सहायता प्राप्त कर रहे एनजीओ किन गतिविधियों में लगे हैं, इस पर भी नजर रखी जाए।
उन्होने आगे कहा कि प्रदेश पुलिस द्वारा मूलभूत पुलिसिंग में शुरू की गई पैदल गश्त की प्रधानमंत्री मोदी ने भी प्रशंसा की है। बीट व्यवस्था, माइक्रो बीट सिस्टम, औचक निरीक्षण, कोबिंग ऑपरेशन और राशि गश्त व्यवस्था को बनाए रखने के लिए आवश्यक है। पुलिस के सड़क पर मौजूद होने से असामाजिक तत्वों और सामान्य व्यवस्था बनाए रखने में प्रभावी असर होता है। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों में चल रही भ्रांतियों और गलत जानकारियों का तत्काल खंडन किया जाए और आवश्यकता होने पर उपयुक्त कार्यवाही भी तत्काल सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पुलिस कर्मियों से हमें काम लेने का अधिकार है, साथ ही उनका ध्यान रखना भी हमारी जिम्मेदारी बनती है। पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य, उनके परिवार की समस्याओं, जिम्मेदारियों के प्रति अधिकारी संवेदनशील रहें। टीम भावना और परिवार की भावना से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि टीम का कोई व्यक्ति अवसाद और तनाव में न रहे। पुलिस कर्मियों की क्षमता-संवर्धन के लिए प्रयास हों, इससे पुलिस कर्मियों का विश्वास और कार्यक्षमता बढ़ेगी। अधिकारियों को भी व्यवहार कौशल का प्रशिक्षण दिया जाए। पुलिस कर्मियों के लिए कार्य-प्रणाली में निष्पक्षता आवश्यक है। क्षेत्र में जुआ, सट्टा, नशा व अन्य अवैध गतिविधियाँ चलाने वालों में पुलिस का खौफ होना जरूरी है।
अपराधियों का सामना करने में साहस और वीरता का परिचय देने वाले नागरिकों को "असली हीरो" सम्मान से सम्मानित किया। बड़वानी की वर्षा बाई बारेला, कमला बाई और भूरी बाई, मुरैना के श्री मुकेश सिंह गुर्जर, दमोह की मोनिका पिंकी अहिरवार इंदौर की कुमारी प्रगति, शिवानी एवं खुशी और छतरपुर के शिवम तिवारी को कॉन्फ्रेंस में असली हीरो प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा नई दिल्ली में मध्यप्रदेश पुलिस के ई-विवेचना एप को प्रदान प्रथम पुरस्कार, डाटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया नई दिल्ली द्वारा एक्सीलेंस इन कैपिसिटी बिल्डिंग श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त होने, भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रदान किए गए प्रथम पुरस्कार और गुजरात के बड़ोदरा में हुए राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड में देश के 25 प्लाटून में मध्यप्रदेश पुलिस को मिले प्रथम पुरस्कार के संबंध में मुख्यमंत्री चौहान को अवगत कराया गया।

मंत्रालय में हुई कॉन्फ्रेंस में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव गृह राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना सहित राज्य स्तरीय अधिकारी, संभागायुक्त, आईजी, पुलिस कमिश्नर, कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे।

01 February, 2023

बीजेपी ने निर्वाचन आयोग से की दिग्विजय सिंह और उनके बेटे जयवर्धन सिंह शिकायत की
सामूहिक विवाह सम्मेलन का खर्च दिग्विजय के चुनावी खाते में जोड़ा जाए, आयोग से मांग की
कांग्रेस को बड़ा झटका, दिग्विजय सिंह के करीबी BJP में शामिल हुए
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया
कांग्रेस पार्टी की इमारत कुछ बुजुर्ग और जर्जर नेताओं के सहारे खड़ी है।; डॉ.नरोत्तम मिश्रा
कांग्रेस के नेताओं का विश्वास कांग्रेस पर नहीं रहा है
पीएम मोदी दो दिवसी प्रदेश मै प्रवास पर 24 को भोपाल में
प्रवास को लेकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में तैयारी
राहुल गांधी की तबीयत बिगड़ी, अंतिम समय पर सतना दौरा रद्द किया
जल्दी ही राहुल गांधी जनता से रूबरू होंगे