Hindi News Portal
मध्यप्रदेश

उज्जैन के गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री ने कहा अवन्तिका तीन लोक से न्यारी, कितनी प्यारी है

आज उज्जयिनी का जन्म उत्सव के अवसर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अवन्तिका नगरी तीन लोक से न्यारी, देखो कितनी प्यारी है। यहाँ का शुद्ध एवं सात्विक वातावरण सबका मन मोहता है। अदभुत दिन है आज गुड़ी पड़वा का, इस दिन विक्रम संवत का प्रारम्भ हुआ। आज विक्रम उत्सव भी हो रहा है। हमें यह याद रखना चाहिये कि हमारी संस्कृति हजारों वर्ष पुरानी है। विक्रम संवत ईस्वी सन से 57 वर्ष पुराना है। सनातन नया वर्ष आज प्रारम्भ हो रहा है और इसी दिन 2005 से हमने विक्रमोत्सव मनाना शुरू किया था। आज ही के दिन अवन्तिका का गौरव दिवस मनाया जा रहा है। इसी दिन सृष्टि की रचना हुई थी। सृष्टि को आरम्भ हुए एक अरब 95 करोड़ 58 लाख 85 हजार 123 वर्ष हो गये हैं। उज्जैन कालगणना की नगरी है। उज्जैन का गौरव सबको गौरवान्वित करता है। उज्जैन की अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमि है, जो युगों से पल्लवित होती रही है। सृष्टि के आरम्भ से ही उज्जयिनी का अस्तित्व माना जाता है। युग बदलते गये और उज्जैन को कभी उज्जयिनी, अवन्तिका, कनकश्रृंगा आदि नामों से जाना जाता रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सृष्टि के प्रत्येक कल्प में उज्जयिनी का अस्तित्व रहा है। स्कंद पुराण में उज्जयिनी के 6 कल्पों के 6 नाम दिए गए हैं, जो कल्पवार क्रमशः कनकश्रृंगा, कुशस्थली, अवंतिका, अमरावती, चूड़ामणि एवं पद्मावती है। इसलिए उज्जैन को प्रतिकल्पा भी कहा गया है। अन्य ग्रंथों में उज्जयिनी को भोगवती, हिरण्यवती, विशाला आदि नामों से भी संबोधित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कंद पुराण के अवंति खंड के अनुसार भगवान शिव अवंतिका में महाकाल वन में अधिष्ठित हैं। उन्होंने कहा कि महाकाल वन प्रोजेक्ट में मन्दिरों की छटा को बढ़ाया जा रहा है। उज्जैन का सांस्कृतिक पुनरुत्थान होगा, विकास का नया इतिहास रचा जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमें एक नया संकल्प लेना पड़ेगा। शहर में जितने भी होटल बने हैं, सबके नाम अंग्रेजी में लिखे हैं। उन्होंने कहा कि मैं आग्रह करता हूँ कि सभी होटल्स के नाम हिन्दी में लिखे जाये। निज भाषा की उन्नति से ही हमारा शैक्षणिक विकास होगा। उज्जैन में मेडिकल कॉलेज आ रहा है। मेडिकल डिवाइस पार्क विक्रम उद्योगपुरी में आ रहा है। कर्नाटक एंटीबायोटिक उद्योग भी उज्जैन में लगाया जा रहा है। इससे अनेक लोगों को रोजगार मिलेगा। उज्जैन का औद्योगिक विकास भी होगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उज्जैन के गौरव दिवस पर आह्वान करता हूँ कि उज्जैन से भिक्षावृत्ति को पूरी तरह मिटा दिया जाये। बच्चों के नशे की आदत छुड़ाने के लिये उज्जैन जिले के कलेक्टर ने बहुत मेहनत की है। बच्चे भीख न मांगे, उनकी शिक्षा और भोजन की व्यवस्था की जाये। शहर में एक ऐसा केन्द्र बनाकर दें, जहाँ भण्डारा निरन्तर चलता रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में दो-चार स्थान पर आनन्दक केन्द्र बनाये जायें, जहाँ पर लोग अपनी अनुपयोगी वस्तुओं को देने और जरूरतमंद लोग सामग्री प्राप्त करने का आनंद ले सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब के बच्चों की पढ़ाई के लिये मैं एक संकल्प लेता हूँ। ऐसे बच्चों का प्रवेश शुल्क एवं सम्पूर्ण शिक्षा के लिये फीस मामा शिवराज भरेगा।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि दबंग और दादा को मिट्टी में मिलाकर रहेंगे। बेटियों की तरफ गलत निगाह उठाने वालों को भी जमींदोज कर दिया जायेगा। ऐसे लोगों पर बुलडोजर चलेगा। शिव का डमरू बजेगा और त्रिशूल उठेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा विनाश की जड़ है। चरस, हेरोईन जैसे नशे लोगों का जीवन तबाह करते हैं। हमें संकल्प लेना चाहिये कि हम नशामुक्त समाज बनायें।

मुख्यमंत्री णॆ उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव एवं विधायक पारस जैन ने शिप्रा नदी में नौका-विहार कर नागरिकों का अभिवादन किया। इसके बाद गायक कैलाश खेर के मंच पर जाकर "स्वामी देना साथ हमारा" गीत में सुर से सुर मिलाया।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का शासन भी विक्रमादित्य के यशस्वी शासन की तरह है। अभी एक माह पूर्व ही हमने दीपोत्सव मनाया था और आज विक्रमोत्सव और उज्जैन गौरव दिवस मना रहे हैं। यह मुख्यमंत्री के सहयोग के बिना संभव नहीं है।

संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने कहा कि हमें हमारे धर्म, संस्कृति एवं राष्ट्र को पहचानने की आवश्यकता है। हमारे प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री सेवा ही जीवन है, के संकल्प लेकर चल रहे हैं। इन्हीं के अनुरूप हमें कार्य करने की सीख लेना चाहिये। उन्होंने बताया कि विक्रमोत्सव में हुए कार्यक्रमों में विभिन्न प्रदेशों की संस्कृति एवं परम्परा से उज्जैन निवासियों को अवगत कराने का प्रयास किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं अन्य अतिथियों द्वारा विक्रमादित्य के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलित कर गौरव दिवस का शुभारम्भ किया गया। साथ ही विक्रम पंचांग, मेला पंचांग, विक्रम संवत पर आधारित तिथि पत्रक एवं विक्रम संवत पर आधारित कालगणना पंचांग का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने 'विक्रम भारत' शीर्षक से विक्रमादित्य शोधपीठ द्वारा प्रारम्भ किये गये यूट्यूब चैनल का लोकार्पण भी किया।
रामा दल अखाड़े की ओर से महन्त रामेश्वरदास द्वारा शिप्रा नदी के दोनों किनारों पर एक लाख 25 हजार पौधे रोपने का संकल्प लिया। श्री महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति की ओर से श्री प्रदीप गुरू द्वारा कोविड काल में अनाथ हुए बच्चों को दो-दो हजार रुपये प्रतिमाह देने और उनके रहने, खाने एवं शिक्षा का प्रबंध करने का संकल्प लिया।

03 April, 2022

अमित शाह ने छिंदवाड़ा में ऊंट खाना स्थित राम मंदिर में दर्शन किए
रोड शो हुआ, और पार्टी के नेताओं को जीत का मंत्र भी दिया।
राजगढ़ से कांग्रेस उम्मीदवार के माथे पर मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बनाने का कलंक है :शिवराज
पूर्व मुख्यमंत्री ने राजगढ़ लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी रोडमल नागर के समर्थन में जनसभा और नामांकन दाखिल कार्यक्रम में हुए शामिल। -
प्रदेश के किसी भी व्यक्ति को परेशानी नहीं आएगी, ये मोदीजी की गारंटी है; मुख्यमंत्री डॉ यादव
मुख्यमंत्री ने मंडला एवं शहडोल के ब्यौहारी, चुरहट में जनसभाओं को संबोधित किया।
जो देश और समाज के लिए कुछ करना चाहते हैं, वो भाजपा के साथ आ रहे : विष्णुदत्त शर्मा
छतरपुर में पत्रकार वार्ता को किया संबोधित
मप्र में कांग्रेस शून्य पर आएगी-डॉ.नरोत्तम मिश्रा
बीजेपी इस बार प्रदेश में अच्छे मतों से जीतेंगी।