Hindi News Portal
भोपाल

बुधनी नगर हर घर तिरंगा यात्रा के दौरान, देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से सराबोर हुआ

भोपाल : रविवार, अगस्त 13,आजादी के अमृत महोत्सव के "हर घर तिरंगा" अभियान में आज बुधनी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री चौहान ने आज ही बुधनी में एक अन्य कार्यक्रम में विकास पर्व के तहत 714 करोड़ 91 लाख की लागत वाले 500 बिस्तर के मेडिकल कॉलेज, 284 करोड़ 16 लाख लागत के बुधनी-भेरूंदा-रेहटी राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण और रेलवे अंडर ब्रिज 8 करोड़ 15 लाख का भूमि-पूजन करने के बाद एक बड़ी जनसभा में संवाद किया। मुख्यमंत्री चौहान के साथ श्रीमती साधना सिंह, कार्तिकेय चौहान तथा सांसद रमाकांत भार्गव और स्थानीय जन-प्रतिनिधि भी शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्रा, नगरवासी तथा जन-प्रतिनिधि हाथों में तिरंगा लेकर और भारत माता की जय तथा वंदे-मातरम का उद्घोष करते हुए शामिल हुए। नगरवासियों ने पूरे रास्ते पुष्प-वर्षा कर मुख्यमंत्री चौहान का अभिनंदन किया। यात्रा के लिए स्वागत मंचों को फ़ूलों, स्वागत द्वारों और तिरंगे के रंग में रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया। मुख्यमंत्री चौहान ने भी नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उनका अभिवादन किया।

मुख्यमंत्री ने आज तिरंगा यात्रा के साथ सभा में आए विद्यार्थियो से खूब बात की। उन्होंने कहा कि बेटे-बेटियो आप खूब मन लगाकर पढाई करिए, आगे बढ़ों, आपके लिए मेधावी विद्यार्थी योजना तो है ही जिससे आपकी उच्च शिक्षा की पढ़ाई की फीस आपका मामा भरेगा। उन्होंने कहा कि सीखो-कमाओ योजना भी आपके लिए है, स्व-रोजगार के लिए मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना भी है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी में भर्ती जारी है और यह आगे भी जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी हिंदी में होगी।

तिरंगा यात्रा में इसके पहले बड़ी संख्या में युवाओं, बच्चों, महिलाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने अपने घरों की छत और बालकनी से पुष्प-वर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। चारों ओर "ये देश है वीर जवानों का", "ऐ वतन-वतन मेरे आजाद रहे तू", "मेरे देश की धरती," "ये देश है वीर जवानों का" जैसे देशभक्ति गीतों की गूंज सुनाई दे रही थी। अनेक मंचों पर विद्यार्थियों ने अमर शहीदों की वेशभूषा धारण कर वीर शहीदों की याद दिलाई।
तिरंगा यात्रा में लोक कलाकारों द्वारा आकर्षक वेशभूषा में पारंपरिक लोक नृत्य एवं गायन की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। भजन मण्डलियों ने भजन भी प्रस्तुत किये। अनुसूचित जनजाति वर्गों के नागरिकों द्वारा अपनी पारंपरिक वेशभूषा में मंच पर उपस्थित होकर मुख्यमंत्री चौहान का अभिनंदन किया गया।
यात्रा के दौरान बुधनी जनपद की अनेक ग्राम पंचायतों ने 100 से अधिक मंचों से मुख्यमंत्री श्री चौहान का आत्मीय स्वागत किया। अनेक मंचों से लाड़ली बहना योजना, बुधनी मेडिकल कॉलेज सहित अन्य सौगाते देने के लिए हाथों में तख्ती लेकर नागरिकों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। इस दौरान अनेक धार्मिक संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा संगठनों ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया। स्वच्छताग्राहियों ने भी मंच से मुख्यमंत्री चौहान का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने सभा में आई अपनी लाड़ली बहनों से कहा कि उनसे पहले कभी किसी सरकार ने बहनों के खाते में एक रुपया देने की नहीं सोची, अब मैंने सीधे एक-एक हजार रुपए अपनी बहनों के खाते में डालने का साहस किया है। वे 27 तारीख को बहनों से जुड़कर राखी बंधवाएंगे। बहनों चिंता मत करना मैं 250 रुपए के मान से राशि बढ़ाकर 3000 रुपए करूंगा। मैं आपके चेहरे पर खुशियाँ लाऊंगा और सरकार की नीतियों से आपके दुख-तकलीफ को दूर करूँगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने जोर देते हुए कहा कि वे सरकार नहीं आप सबके साथ मिलकर परिवार चलाते है। एक तरफ विकास और दूसरी तरफ हर व्यक्ति तक जन-कल्याण, यही सरकार का मूल मंत्र है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने विकास का कोई काम नहीं किया है। उनकी सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, मार्गों का जाल बिछाकर प्रदेश का विकास किया है। बुधनी आज विकास की नई इबारत लिख रहा है और यहाँ के हर गाँव और खेत में पानी पहुँचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों को अपने घर, गाँव ब्लाक, तहसील, जिला, प्रदेश और देश को आत्म-निर्भर तथा सशक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री के 5 संकल्पों की शपथ दिलाई और विकास में सबकी सहभागिता का आहवान किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने मेडिकल कॉलेज सहित भेरूंदा-बुधनी-रेहटी राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे ब्रिज का भूमि-पूजन के कई घोषणा भी की


बुधनी में बनेगा 714 करोड़ 91 लाख की लागत से 500 बिस्तरीय मेडिकल कॉलेज।
नर्सिंग कॉलेज भी खुलेगा।
बुधनी-भेरूंदा-रेहटी राष्ट्रीय राजमार्ग का 284 करोड़ 16 लाख रूपये की लागत से होगा निर्माण।
8 करोड़ 15 लाख रूपये की लागत का रेलवे अंडर ब्रिज बनेगा।
साईकिल खरीदने के लिये 17 अगस्त को 6वीं और 9वीं कक्षा में दूर से स्कूल आने वाले विद्यार्थियों के खाते में साढ़े 4 हजार रूपये की राशि डाली जायेगी।
प्रतिभाशाली बेटे-बेटियों को 23 अगस्त को मिलेगी ई-स्कूटी।
रसोईयों का मानदेय होगा दोगुना।
जल्दी ही अतिथि शिक्षकों की पंचायत बुलाई जायेगी

इस अवसर पर नर्मदापुरम सांसद राव उदय प्रताप सिंह, विधायक सीतासरण, करण सिंह वर्मा, सुदेश राय, प्रेमशंकर वर्मा, विजय पाल सिंह और ठाकुर दास नागवशी, अनुसूचित जनजाति निगम की अध्यक्ष निर्मला बारेला, सलकनपुर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष महेश उपाध्याय भी उपस्थित थे।

 

13 August, 2023

बीजेपी ने निर्वाचन आयोग से की दिग्विजय सिंह और उनके बेटे जयवर्धन सिंह शिकायत की
सामूहिक विवाह सम्मेलन का खर्च दिग्विजय के चुनावी खाते में जोड़ा जाए, आयोग से मांग की
कांग्रेस को बड़ा झटका, दिग्विजय सिंह के करीबी BJP में शामिल हुए
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया
कांग्रेस पार्टी की इमारत कुछ बुजुर्ग और जर्जर नेताओं के सहारे खड़ी है।; डॉ.नरोत्तम मिश्रा
कांग्रेस के नेताओं का विश्वास कांग्रेस पर नहीं रहा है
पीएम मोदी दो दिवसी प्रदेश मै प्रवास पर 24 को भोपाल में
प्रवास को लेकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में तैयारी
राहुल गांधी की तबीयत बिगड़ी, अंतिम समय पर सतना दौरा रद्द किया
जल्दी ही राहुल गांधी जनता से रूबरू होंगे