भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भोपाल में आयोजित कार्यकर्ता महाकुंभ की भारी सफलता के लिए प्रदेश भर से आए लाखों कार्यकर्ताओं, आयोजन की व्यवस्था में जुड़े हजारों कार्यकर्ताओं सहित सभी का आभार व्यक्त किया है।
प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता महाकुंभ सोमवार को राजधानी के जंबूरी मैदान पर आयोजित किया गया था। इस महाकुंभ में प्रदेश के 64523 बूथों से आए लाखों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। विष्णुदत्त शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों के प्रति आभार जताते हुए कहा है कि रास्ते में परेशानियां भी आयी होंगी, इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने महाकुंभ में भाग लेकर संगठन के प्रति समर्पण की जिस भावना का परिचय दिया है, वह प्रशंसनीय है। श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि इतने बड़े आयोजन के दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिस अनुशासन का परिचय दिया है, वह भी भाजपा के कार्यकर्ताओं की पहचान है।