भोपाल,21 अप्रैल; लोकसभा चुनाव के बीच सतना जिले के नागौद से विधायक नागेन्द्र सिंह पार्टी से नाराज बताए जा रहे हैं। उन्हें मनाने प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने उनसे मुलाकात भी की है। जानकारी के अनुसार पूर्व मंत्री रहे विधायक नागेन्द्र सिंह अपने प्रतिद्वंदी रहे पूर्व विधायक यादवेंद्र सिंह के भाजपा में शामिल होने से नाराज हैं। कहा जा रहा है कि अपनी नाराजगी की वजह से सिंह प्रचार करने बाहर नहीं निकल रहे। सिंह खजुराहो से सांसद भी रहे हैं, जिन्हें मनाने खजुराहो सांसद और प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा नागौद उनके आवास पहुंचे। उल्लेखनीय है कि सतना से मौजूदा सांसद गणेश सिंह एक बार फिर से प्रत्याशी हैं। यहां पर बसपा से पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी और सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं, जिससे यहां का मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। ऐसे में भाजपा अपने हर विधायक और नेताओं को साधकर जीत सुनिश्चित करना चाहती है। पार्टी ने पहले स्थानीय नेताओं को सिंह को मनाने के लिए भेजा था, लेकिन उनके नहीं मानने पर प्रदेशाध्यक्ष शर्मा को नागौद जाना पड़ा।