Hindi News Portal
भोपाल

किसानों को आधुनिक कृषि का प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा–मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल ; मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में किसानों को आधुनिक कृषि का प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा। विशेष प्रदर्शनियों से नवीनतम कृषि उपकरण और अद्यतन तकनीक से किसानों को अवगत करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि किसानों के कल्याण के अधिकतम कार्य कैसे किए जाएँ, इसके लिए निरंतर चिंतन चल रहा है। कृषक कल्याण प्राथमिकता है। इस कार्य में मुझे किसानों का सहयोग भी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिलों में ऐसी बड़ी प्रदर्शनियाँ भी लगाई जायेगी, जिनमें आधुनिकतम कृषि उपकरणों का प्रदर्शन होगा। इनके अवलोकन से किसान प्रशिक्षित होंगे और कृषि कार्य को आसान बना सकेंगे। किसान बंधु नई कृषि तकनीक की जानकारी लेकर ''आम के आम गुठलियों के दाम'' सिद्धांत पर अधिक लाभ प्राप्त कर सकेंगे। मुख्यमंत्री चौहान आज किसान गौरव सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में प्रदेश के जिलों से आए किसान बंधुओं ने हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक खेती का प्रशिक्षण भी किसानों को मिलना चाहिए। प्रदेश में प्राकृतिक कृषि को अपनाने में भी किसान रूचि व्यक्त कर रहे हैं। प्रदेश में किसानों से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता से लागू किया जा रहा है। इस सिलसिले में ऐसे कृषक परिवार, जिनके पास बाप-दादा के जमाने से एक या दो एकड़ राजस्व भूमि है और जिसमें वे कृषि कर रहे हैं तथा वे सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग के हैं, उनके पुराने प्रकरण में पट्टा देने पर विचार किया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि ट्रांसफार्मर के लिए अनुदान की योजना पूर्व सरकार ने बंद कर दी थी जिसे पुनः प्रारंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री खेत सड़क योजना भी प्रारंभ होगी। इसके अलावा कपिलधारा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन होगा। किसानों के सुझाव पर आगामी बजट में किसानों के लिए आवश्यक राशि के प्रावधान होंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि किसानों के हित के लिए मध्यप्रदेश में निरंतर कार्य किया गया है। अंग्रेज और नवाबों के शासन और पूर्व की सरकारों के प्रयासों को मिला कर वर्ष 2003 तक प्रदेश में सिर्फ 7 लाख 50 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में ही सिंचाई क्षमता विकसित हुई थी, वर्तमान में सिंचाई क्षमता बढ़ कर 45 लाख हेक्टेयर हो गई है। अब इसे 65 लाख हेक्टेयर तक बढ़ाने का लक्ष्य है।
प्रधानमंत्री किसान निधि के साथ मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना की राशि भी किसानों को दी जा रही है। उन्हें कार्यक्रम कर लाभान्वित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सरकार ने ब्याज माफी की घोषणा की थी लेकिन किया कुछ नहीं। अब राज्य शासन ने कर्ज के ब्याज की राशि को माफ करने का निर्णय लिया है। किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलवाना राज्य सरकार का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान बंधु भी योजनाओं के अमल में कहीं गड़बड़ हो तो उसकी जानकारी से अवगत करवाएँ। किसान सिंचाई योजनाओं को देखने जाएँ। यह देखें कि नहरों की मरम्मत हो रही है या नहीं। खेतों में टेल एंड तक पानी पहुँचे, यह हम सभी का कर्त्तव्य है। किसानों को पर्याप्त पानी मिले, इसे सुनिश्चित करें। प्रदेश के बांधों में पर्याप्त जल राशि मौजूद है। काफी बड़े बजट को खर्च कर योजनाएँ बन रही हैं। सिंचाई के लिए पाइप लाइनें बिछाई जा रही हैं। किसान बंधु क्षेत्र का भ्रमण कर सिंचाई संबंधी कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। सिंचाई से जुड़े निर्माणाधीन कार्यों पर निगाह रखें। किसान बंधु राजस्व संबंधी समस्याओं को हल करने में भी सहयोग करें। किसानों से संबंधित कार्यों को हल करने के लिए आगामी वर्ष शिविर लगाए जाएंगे। किसान संगठनों के सदस्य, अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में जिलों में शिविर प्रारंभ होने के बाद एक माह में सभी समस्याओं को हल करने का कार्य करें।
किसान संगठन द्वारा जले ट्रांसफार्मर बदलने के कार्य में भी दायित्व निर्वहन किया जाए। संगठन के सदस्य इस दिशा में सजग रहें और ट्रांसफार्मर से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखें। किसान संगठन तभी उपयोगी और प्रासंगिक हैं जब किसानों के हित में वे काम आएँ। गड़बड़ी हो तो उसे दूर करने का प्रयास किया जाए।
किसान संगठन के अध्यक्ष दर्शन सिंह ने कहा कि प्रदेश के किसान प्राकृतिक खेती के लिए आगे आ रहे हैं। गोपालन को महत्व दे रहे हैं। मध्यप्रदेश को 7 कृषि कर्मण अवार्ड मिले हैं। किसान संगठन मध्यप्रदेश की कृषि उपलब्धियों को बढ़ाने का कार्य करेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान किसानों के समर्थक हैं। जैत ग्राम के एक किसान को निरंतर मुख्यमंत्री के रूप में देख कर किसान हर्षित हैं। ग्राम चौपाल लगा कर किसान वर्ग की समस्याएँ हल करने का कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में किसान संगठन की वेबसाइट का लोकार्पण किया, जिसमें राज्य सरकार और केंद्र सरकार की कृषक कल्याण योजनाओं का विस्तृत उल्लेख है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गुलाब की पंखुड़ियों से आमंत्रित किसानों का स्वागत किया।

 

09 December, 2022

पुलिस "होली मिलन समारोह" मै आयुक्त अधिकारियों सहित् कर्मचारी भी शामिल हुए सभी डीजे पर थिरके
मिलन समारोह बड़ी ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास से मनाया गया,
म.प्र. की मोहन सरकार ने 5 हजार करोड़ का फिर कर्ज लिया : 27 मार्च को खाते में रकम आएगी
सरकार ने 3 महीने में पांचवीं बार ऋण लिया ।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा पर निर्वाचन आयोग को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद शर्मा ने धन्यवाद दिया ।
4 जून को 400 पार फिर एक बार मोदी सरकार को करेंगे चरितार्थ
7 मई को भोपाल सहित तीसरे चरण में 8 लोकसभा संसदीय क्षेत्रों मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा,एवं राजगढ़ में मतदान होगा।
मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव चार चरण में होंगे, प्रदेश में आदर्श आचरण आचार संहिता लागू ।
पर्यटन स्थलों और प्रमुख शहरों तक हवाई सेवा हमारी प्राथमिकता है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा तथा पीएम श्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा का शुभारंभ