Hindi News Portal
मध्यप्रदेश

राजगढ़ से कांग्रेस उम्मीदवार के माथे पर मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बनाने का कलंक है :शिवराज

भोपाल 15 अप्रैल : पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार राजगढ़ लोकसभा से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी रोडमल नागर के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। साथ ही चौहान, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के साथ नागर का नामांकन दाखिल करने भी पहुंचे। इस दौरान पूर्व सीएम ने कांग्रेस पार्टी और राजगढ़ के कांग्रेस के उम्मीदवार दिग्विजय सिंह पर जमकर हमला बोला। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, यहां के कांग्रेस उम्मीदवार के माथे पर मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बनाने का कलंक है। उन्होंने 10 साल मुख्यमंत्री रहते हुए विकास की एक ईट तक नहीं लगाई तो सांसद बनकर क्या करेंगे। साथ ही पूर्व सीएम ने कहा कि, दिग्विजय सिंह हार की भूमिका बना रहे हैं, अभी से ईवीएम पर दोष मढ़ने की तैयारी कर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कांग्रेस अब समाप्ति की ओर हैं। रायबरेली से इंदिरा जी चुनाव लड़ती थी, लेकिन अब कांग्रेस की सर्वोच्च नेत्री मैडम सोनिया गांधी ने चुनाव लड़ने से ही इनकार कर दिया है। उन्होंने राज्यसभा में बैकडोर से एंट्री ली है। दुर्गति ये है कि, रायबरेली से कांग्रेस के पास कोई उम्मीदवार ही नहीं है। राहुल बाबा ने भी अमेठी से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है वो अमेठी छोड़कर वायनाड चले गए हैं, राहुल गांधी रणछोड़दास बन गए हैं। कांग्रेस पार्टी की ये हालत उनके गलत फैसलों की वजह से है। कांग्रेस में अब कुछ नहीं बच गया है। इसलिए उनके विचारवान नेता कांग्रेस छोड़कर देश के विकास के लिए भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, 500 साल का संकल्प पूरा हो रहा था। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर राममंदिर का निर्माण हुआ और रामलला विराजमान हुए। बहनें दीपक जला रही थी, हर घर पर भगवा पताका लहरा रही थी। पूरा देश आनंद के उत्सव में डूबा हुआ था। प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण कांग्रेस को भी दिया गया था। उन्होंने ऑन रिकॉर्ड, लिखित में कहा कि, हम नहीं जाएंगे। अब जब तक सूरज चांद रहेंगे तब तक लिखा रहेगा कि, कांग्रेस ने राममंदिर का विरोध किया था।
उन्होने आगे कहा कि, मैं बेटियों की पूजा करता हूं तो यहां के उम्मीदवार कहते थे कि, मैं पाखंड करता हूं, लेकिन तुम क्या जानों बहन-बेटियों की शक्ती। जब मैं बेटियों के पैर धोकर पानी माथे से लगाता हूं तो मेरे काम करने की उर्जा कई गुना बढ़ जाती है। मेरे लिए स्त्रियां देवी का रूप हैं और बेटियां साक्षात देवी हैं। उन्होंने कहा कि जब मैं राजनीति में नहीं था तब भी बेटियों की शादी करवाता था, लेकिन भाजपा के माध्यम से राजनीति की और मुख्यमंत्री बना तो लाखों बेटियों की शादी करवाई। जो व्यक्ति 10 साल मुख्यमंत्री रहा, उसने किसानों के खेतों में एक बूंद पानी नहीं दिया, बिजली नहीं दी, सड़कें नहीं बनवाई। उस समय सड़कों की ये हालत थी कि, पता ही नहीं चलता था, सड़क में गड्ढें हैं या गड्ढों में सड़क। सब कुछ रहते हुए जिन्होंने कुछ नहीं किया वो सांसद बनकर क्या करेंगे।
चौहान ने कहा कि, सौ साल पहले स्वामी विवेकानंद जी ने कहा कि, सुदीर्घ रजनी समाप्त जान पड़ती है, महानिशा का अंत निकट है, जो अंधे हैं वो देख नहीं सकते हैं, जो बहरे हैं वो सुन नहीं सकते, लेकिन मैं स्पष्ट रूप से देख रहा हूं कि, भारत माता अंगड़ाई लेकर फिर खड़ी हो रही है और विश्व गुरू के पद पर आसीन हो रही है। एक नरेन्द्र वो थे और एक नरेन्द्र हमारे मोदी जी हैं जो इस सपने को साकार कर रहे हैं। मोदी जी अद्भुत काम कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में ही भारत विश्व गुरू बनेगा। देश के नंबर वन नेता मोदी जी हैं और देश की नंबर वन पार्टी भारतीय जनता पार्टी है। इसलिए मध्यप्रदेश से 29 की 29 सीटों पर जीत हासिल कर 29 कमल के फूलों की माला मोदी जी के गले में डालना है और मोदी जी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना है।
पूर्व सीएम शिवराज ने भी भावुक होते हुए कहा कि, ये अपार प्रेम, स्नेह और समर्थन ही मेरी शक्ति है। मैं आप सभी को शीश झुकाकर नमन करता हूं।

15 April, 2024

देश की जनता अपना अमूल्य मत इंडी गठबंधन को देकर खराब नहीं करेगी - डॉ. नरोत्तम मिश्रा
इंडी गठबंधन बेल और जेल वाले नेताओं का जमावड़ा है,
कूनो राष्ट्रीय उद्यान मै चीतों की वजह से आदिवासियों की जिंदगी बदल रही ,
सहरिया जनजाति के लिए आरक्षित श्योपुर के कराहल ब्लाक से रिपोर्ट
नागौद के नाराज भाजपा विधायक को मनाने प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे
सिद्धार्थ कुशवाहा कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं
अमित शाह ने छिंदवाड़ा में ऊंट खाना स्थित राम मंदिर में दर्शन किए
रोड शो हुआ, और पार्टी के नेताओं को जीत का मंत्र भी दिया।
राजगढ़ से कांग्रेस उम्मीदवार के माथे पर मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बनाने का कलंक है :शिवराज
पूर्व मुख्यमंत्री ने राजगढ़ लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी रोडमल नागर के समर्थन में जनसभा और नामांकन दाखिल कार्यक्रम में हुए शामिल। -