भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में मीडिया से चर्चा करते हुए जिला पंचायत चुनाव में 41 जिलों में भाजपा समर्थित अध्यक्ष चुने जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी एवं ग्रामीण मतदाताओं का आभार माना। मुख्यमंत्री ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय के लिए प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा और उनकी पूरी टीम को बधाई दी।
जिला पंचायत में कांग्रेस इकाई में सिमटी : चौहान
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी चाहे ग्राम पंचायत चुनाव हो, जनपद हो या फिर जिला पंचायत चुनाव हो तीनों स्तर पर भाजपा प्रचंड बहुमत से विजय हुई है। जिला पंचायत चुनाव में 41 जिलों में भाजपा विजय हुई है। कांग्रेस इकाई में सिमट गयी। वहीं जनपद पंचायत में भाजपा 312 में से 227 जनपद जीती और 22934 पंचायतों में से भाजपा 20641 पंचायतों में जीती है। ग्रामीण निकायों में मिली यह सफलता चमत्कार है। उन्होंने कहा कि इस विजय को हम विनम्रता के साथ स्वीकार करते है। ग्राम पंचायत के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोडेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। विकास के कामों के लिए धन की कमी नहीं आने देंगे। हमारा लक्ष्य होगा कि संगठन और सरकार के सहयोग से गरीब कल्याण की योजनाओं को 100 प्रतिशत गांव गांव तक लोगों के बीच पहुंचे।
कांग्रेस लोकतंत्र को किस दिशा में ले जाना चाहती है
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि आज चुनाव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने जिस तरह का व्यवहार पुलिस अधिकारी से किया है वह बेहद दुर्भाग्यजनक है। मध्यप्रदेश में ऐसी राजनीति कभी नहीं हुई जो कांग्रेस कर रही है। मैं सोनिया गांधी और राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि क्या वे दिग्विजय सिंह के इस कृत्य का समर्थन करते हैं ? उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र को किस दिशा में ले जाना चाहती है, ऐसी घटनाओं से मतदाता प्रभावित नहीं बल्कि व्यथित होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब हारने लगती है तो कमलनाथ गायब हो जाते है। कांग्रेस कभी भी शालीनता से पराजय स्वीकार नहीं करती है। ईवीएम के चुनाव में भाजपा की विजय पर कांग्रेस हमेशा ईवीएम पर हार का ठीकरा फोडती है। अब बैलेट पेपर के आधार पर हुए पंचायत चुनाव में भी भाजपा की प्रचंड विजय पर कांग्रेस नेता गुंडागर्दी पर उतर आए है। कांग्रेस का यह कृत्य निदंनीय है।
दिग्विजय सिंह का आचरण भर्त्सना योग्य
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि जिला पंचायत चुनाव के परिणाम में भाजपा को प्रचण्ड बहुमत मिला है। जनता ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित जनहितैषी नीतियों पर अपना समर्थन जताया है। श्री शर्मा ने कहा कि आज जिला पंचायत चुनाव में व्यवधान पैदा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पुलिस अधिकारी के साथ अमर्यादित व्यवहार किया है, इसकी मैं घोर भर्त्सना करता हूँ। उनका यह व्यवहार इस बात का परिचायक है कि पंचायत चुनाव में वे हार की खीज निकाल रहे हैं।