नई दिल्ली : तमिलनाडु की सीएम जयललिता को रविवार हार्ट अटैक आया। उनकी हालत फिलहाल काफी गंभीर है। उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम-ईसीएमओ पर रखा गया है।
74 दिनों में उन्हें दूसरी बार दिल का दौरा पड़ा है। बता दें कि जयललिता के जीने का अंदाज एकदम अलग रहा है। वे बिना किसी की परवाह किए अपने स्टाइल में रॉयल लाइफ जीती रही है। उनकी शानो-शौकत देखकर लोग दंग रह जाते हैं। कहा जाता है कि उनके पास 10 हजार से ज्यादा साड़ियां और तकरीबन 750 जोड़ी चप्पले हैं।
जयललिता का अंदाज हमेशा रॉयल रहा है। जब वह फिल्मों में भी थीं, तो पूरे शाही अंदाज में ही रहती थीं। उनके लिए खाना हमेशा घर से आता था। वह अपने समय में सुपर स्टार थी। राजनीति में आने के बाद भी उनके रॉयल अंदाज में कोई चेंज नहीं आया। आम लोग ही नहीं, बड़े-बड़े उनके पैर छूते रहे। उनका जीने का अंदाज अलग था।
जयललिता को लिखने का शौक रहा है। वह अपनी डायरी में हमेशा कुछ न कुछ लिखती रहती हैं। एक तमिल पत्रिका ‘थाई’ में भी लंबे समय तक वे एक कॉलम लिखती रही। इसमें वह अपनी निजी जिंदगी के बारे में लिखती थीं। उन्होंने तमिल में एक नॉवेल भी लिखी है।
जयललिता को 5 भाषाएं आती हैं। वह अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी में एक्सपर्ट हैं। इसी के साथ वे क्लासिकल डांस में भी एक्सपर्ट है। उन्होंने भारत में कई जगह क्लासिकल डांस की परफॉर्मेंस भी दी है। उन्होंने 4 साल की उम्र से कर्नाटक संगीत भी सीखा है। उन्होंने अपनी कई फिल्मों में गाना भी गाया है।
जयललिता का खास स्वभाव रहा है कि वह किसी बात की परवाह नहीं करती। हर चीज को अपनी तरह से देखती हैं। आज भी तमिल राजनीति में वह प्रसंग याद किया जाता है जब उनके शासन में करुणानिधि और उनके साथ के राजनेता को घर से ही उठाकर गिरफ्तार कर दिया गया था।
सितंबर, 1995 में जयललिता ने अपने गोद लिए हुए बेटे सुधाकरन की शादी की थी। उस समय इस शादी का खर्च 75 करोड़ रुपए आया था। इस शादी के लिए चेन्नई में 20 हेक्टेयर (50 एकड़) जगह का इस्तेमाल किया गया था। 1,50,000 लोग इस शादी में शामिल हुए। शादी के मंदिर से 5 किलोमीटर की दूरी तक सड़क पर गुलाब के फूल बिछाए गए थे। इतना ही नहीं, इस शादी में खाने-पीने के इंतजाम पर ही 2 करोड़ रुपए का खर्चा आया था। इस वजह से ये शादी गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है।