Hindi News Portal
मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने खुरई से किया भावान्तर भुगतान योजना का शुभारंभ

भोपाल : सोमवार, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सागर जिले की खुरई नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगण में भावान्तर भुगतान योजना के राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में कहा कि यह योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच के रूप में कार्य करेगी। इस योजना में समर्थन मूल्य से कम दाम पर बिकने वाली फसलों के अंतर की राशि किसानों के बैंक खाते में दी जायेगी। किसानों को उनकी मेहनत का पूरा लाभ दिलाया जायेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लगभग एक सौ करोड़ रूपये की लागत के विकास कार्यो का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम का प्रदेश में लाइव प्रसारण किया गया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पूरे प्रदेश की 257 मंडियों में आज से योजना का शुभारंभ हो रहा है। बुंदेलखंड के किसान मेहनत कर रहे हैं। प्रदेश कृषि के क्षेत्र में देश में नम्बर एक है। प्रदेश के किसानों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक एवं स्वर्णिम है। सरकार किसानों को कर्ज बिना ब्याज के दे रही है। इतना ही नहीं अब एक लाख का कर्ज लेने पर 90 हजार रूपये ही वापस करना होते हैं। खेती को लाभ का धंधा बनाना है। खुरई के गेहूँ की पूरे हिन्दुस्तान में पहचान है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सिंचाई की सुविधा उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में 40 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हो रही है। बीना कॉम्पलेक्स की योजना को स्वीकृति दे दी गई है। इसमें लगभग 3735 करोड़ रूपये खर्च होंगे एवं लगभग 2.5 लाख हैक्टेयर में सिंचाई होगी। परकुल, कड़ान मध्यम परियोजनाओं को भी स्वीकृति दे दी गई है। इसी तरह कई लघु परियोजनाओं को स्वीकृति दी जायेगी। केन-बेतवा लिंक परियोजना को जल्दी शुरू करने के प्रयास चल रहे हैं। किसानों को उनकी फसलों की उचित कीमत दिलायी जायेगी। जब तक उचित दाम नहीं मिलेंगे, आमदनी नहीं बढ़ सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 8 रूपये प्रति किलो की दर से प्याज खरीदी है। सरकार किसानों की मेहनत को बर्बाद नहीं होने देना चाहती है। समर्थन मूल्य के नीचे फसल नहीं बिकने देंगे। किसान सीधे मंडी में फसल बेचेगा और समर्थन मूल्य के अंतर की राशि किसान के खाते में डाल दी जायेगी। उड़द, मूंग, सोयाबीन, मक्का के समर्थन मूल्य से नीचे बिकने का उदाहरण देकर मुख्यमंत्री ने योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों से योजना के तहत पंजीयन कराने की अपील करते हुए बताया कि उद्यानिकी फसलों पर भी यह योजना लागू की जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1000 करोड़ रूपये लागत का मूल्य स्थिरीकरण कोष बनाया गया है। फसल गिरदावली मोड्यूल एप बनाया जायेगा। बुंदेलखंड के सारे जिले सूखाग्रस्त घोषित किये गये हैं। बीस प्रतिशत राशि जमा करने पर जले हुए ट्रांसफार्मर बदलवाये जायेंगे। कृषक युवा उद्यमी योजना लागू की जायेगी जिसमें 10 लाख से लेकर 2 करोड़ रूपये तक का लोन मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंचल के कृषि उपकरण पूरे देश में प्रसिद्ध है। इसके लिए खुरई में औद्योगिक क्षेत्र बनाया जायेगा। खसरे और बी-1 की नकल किसानों को घर बैठे दी जायेगी। श्री चौहान ने कहा कि अविवादित नामांतरण, बँटवारा, सीमांकन के मामले युद्ध स्तर पर निपटाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अच्छा कार्य करने वालों को पुरस्कृत करेंगे एवं भ्रष्टाचारियों पर कार्यवाही करेंगे। वर्ष 2018 तक 4 लाख किसानों को स्थायी कनेक्शन देंगे। मुख्यमंत्री सोलर पंप योजना लागू की जायेगी। किसानों को निश्चित सीमा में नगद भुगतान किया जायेगा। संकट की घड़ी में सरकार किसानों के साथ खड़ी है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। भावान्तर भुगतान योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच है, जो इतिहास रचेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री मेधावी छात्र योजना का जिक्र करते हुए छात्रों की पढ़ाई में पूरा सहयोग करने के लिए कहा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बांदरी और खिमलासा में महाविद्यालय खोला जायेगा। खुरई में कृषि महाविद्यालय अगले सत्र में प्रारंभ कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि बीना नदी परियोजना की स्वीकृति दे दी गई है। मालथौन में आई.टी.आई., खुरई में औद्योगिक क्षेत्र और विद्युत मंडल का संभागीय कार्यालय खोला जायेगा। उन्होंने किसानों से बेटा-बेटी को पढ़ाने की अपील की। साथ ही स्वच्छता रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस में 33 प्रतिशत बेटियों की भर्ती होगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भावान्तर भुगतान योजना को हरी झंडी दिखाकर योजना का शुभारंभ किया। श्री चौहान ने योजना के विक्रय पत्र वितरित किए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की अनुदान राशि, लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के चैक, मुख्यमंत्री स्व-रोजगार योजना के चैक, स्वीकृति पत्र और मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बैंक सखी के रूप में कार्य करने के लिये लैपटॉप वितरित किये।

गृह एवं परिवहन मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान के कार्यकाल में खुरई क्षेत्र में काफी विकास हुआ है। आज पूरे प्रदेश में भावांतर योजना योजना की एक साथ शुरूआत हो रही है। उन्होंने बीना काम्पलेक्स की मंजूरी सहित विभिन्न विकास कार्यो की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने बांदरी एवं बीना के खिमलासा में महाविद्यालय, मालथौन में 60 बिस्तर के अस्पताल एवं आई.टी.आई., खुरई में विद्युत मंडल के संभागीय कार्यालय और बरोदिया में 33 के.व्ही. सब स्टेशन सहित विभिन्न मांगें रखी। उन्होंने खुरई में 100 बिस्तर के अस्पताल के लोकार्पण सहित लगभग 100 करोड़ के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री श्री चौहान का आभार माना।

कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण मंत्री श्री गोपाल भार्गव, सांसद श्री लक्ष्मीनारायण यादव, विधायक सर्वश्री शैलेन्द्र जैन, महेश राय, श्रीमती पारूल साहू, श्री प्रदीप लारिया, श्री हरवंश सिंह राठौर, महापौर श्री अभय दरे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दिव्या अशोक सिंह, म.प्र. हाथकरघा विकास निगम के अध्यक्ष श्री नारायण प्रसाद कबीरपंथी, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती लता वानखेड़े, भाजपा के जिलाध्यक्ष श्री राजा दुबे, श्री शैलेश केशरवानी सहित अन्य जन-प्रतिनिधि, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

17 October, 2017

देश की जनता अपना अमूल्य मत इंडी गठबंधन को देकर खराब नहीं करेगी - डॉ. नरोत्तम मिश्रा
इंडी गठबंधन बेल और जेल वाले नेताओं का जमावड़ा है,
कूनो राष्ट्रीय उद्यान मै चीतों की वजह से आदिवासियों की जिंदगी बदल रही ,
सहरिया जनजाति के लिए आरक्षित श्योपुर के कराहल ब्लाक से रिपोर्ट
नागौद के नाराज भाजपा विधायक को मनाने प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे
सिद्धार्थ कुशवाहा कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं
अमित शाह ने छिंदवाड़ा में ऊंट खाना स्थित राम मंदिर में दर्शन किए
रोड शो हुआ, और पार्टी के नेताओं को जीत का मंत्र भी दिया।
राजगढ़ से कांग्रेस उम्मीदवार के माथे पर मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बनाने का कलंक है :शिवराज
पूर्व मुख्यमंत्री ने राजगढ़ लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी रोडमल नागर के समर्थन में जनसभा और नामांकन दाखिल कार्यक्रम में हुए शामिल। -