मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यसभा सदस्य तथा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने आज उज्जैन में शैव कला संगम प्रदर्शनी का अवलोकन किया। श्री अमित शाह ने प्रदर्शनी-स्थल पर भगवान शिव की प्रतिमा के समक्ष दीप जलाया और प्रदर्शनी को मनोयोग से देखा और सराहा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने श्री शाह को प्रदर्शित प्रादर्शों की जानकारी दी।
प्रदर्शनी-स्थल पर मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं सिंहस्थ केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष श्री माखन सिंह चौहान द्वारा श्री अमित शाह का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
'शिवोहम-शिवोहम'' चित्रमाला का अवलोकन
श्री शाह और श्री चौहान ने बाबा सत्यनारायण मौर्य की 'शिवोहम-शिवोहम'' चित्रमाला का अवलोकन भी किया। चित्रमाला में भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों पर आधारित श्री मौर्य द्वारा बनाये चित्र आकर्षक रूप से प्रदर्शित किये गये हैं। अवलोकन के बाद दोनों अतिथियों ने चित्रमाला की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
दोनों अवसर पर सांसद डॉ. चिन्तामणि मालवीय, विधायक श्री कैलाश विजयवर्गीय, श्री सुरेश भैया जी जोशी, श्री कृष्णगोपाल, सिंहस्थ केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष श्री माखन सिंह, श्री विभाष उपाध्याय और श्री अरुण शुक्ला सहित पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।